home page

अगस्त क्रांति एवं अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस पर निकली ‘शहीद सम्मान यात्रा’

 | 
अगस्त क्रांति एवं अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस पर निकली ‘शहीद सम्मान यात्रा’


भागलपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। अगस्त क्रांति दिवस एवं अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था जनप्रिय भागलपुर, स्नातकोत्तर गांधी विचार विभाग एवं परिधि भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में शहीद सम्मान यात्रा’ निकाली गई। इसके साथ ही ‘आजादी उत्सव’ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत स्नातकोत्तर गांधी विचार विभाग परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष उनके प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई।

शहीद सम्मान यात्रा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरते हुए बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर, शहीद भगत सिंह, दीप नारायण, लोकनायक जयप्रकाश नारायण, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल एवं शहीद तिलकामांझी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित करते हुए संपन्न हुई।

यात्रा के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन के शहीदों एवं राष्ट्रनायकों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके विचारों और संघर्षों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। जनप्रिय भागलपुर के गौतम कुमार ने कहा कि ‘आजादी उत्सव’ का उद्देश्य स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों, गांधीवादी विचारों, सामाजिक समरसता और देश के लिए बलिदान देने वाले महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है।

यात्रा का नेतृत्व अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के पूर्व कुलपति डॉ. मनोज कुमार, स्नातकोत्तर गांधी विचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अमित रंजन, उमेश प्रसाद नीरज, जनप्रिय भागलपुर के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह, गौतम कुमार तथा परिधि भागलपुर के निदेशक उदय एवं ललन कुमार ने किया।

उक्त अवसर पर डॉ मनोज मीता, डॉ सुनील अग्रवाल, डॉ जयंत जलद, बाबूलाल कुमार पासवान, उज्ज्वल घोष, सुभाष कुमार प्रसाद, सच्चिदानंद किरण, दीपक कुमार, भाष्कर जी, राहुल, डॉ गौतम कुमार, राजीव कुमार सहित सैकड़ों छात्र, बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर