home page

बक्सर डुमरांव के शहीद स्मारक पर अमर शहीदों को नमन, परिजनों का हुआ सम्मान

 | 
बक्सर डुमरांव के शहीद स्मारक पर अमर शहीदों को नमन, परिजनों का हुआ सम्मान


बक्सर, 16 अगस्त (हि.स.)। शहीद स्मारक, डुमरांव में रविवार को अमर शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य पालन एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री सह बक्सर के प्रभारी मंत्री नन्दकिशोर राम, डुमरांव के विधायक, जिला पदाधिकारी बक्सर, पुलिस अधीक्षक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम के दौरान वर्ष 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में डुमरांव अनुमंडल के वीर सपूतों द्वारा दिए गए सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया। डुमरांव थाना पर तिरंगा फहराने के प्रयास के दौरान अंग्रेजी पुलिस की गोलीबारी में कई वीर नौजवान शहीद हुए थे। इसके अलावा कोरान सराय, आथर और नावाडेरा के स्वतंत्रता सेनानियों ने भी देश की आजादी के लिए अपना प्राण न्योछावर किया था।

अमर शहीदों में कपिल मुनि कहार, गोपाल जी कमकर, रामदास सोनार एवं रामदास लोहार प्रमुख रूप से शामिल हैं। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने शहीदों के परिजनों को शॉल एवं तिरंगा भेंट कर सम्मानित किया। उपस्थित लोगों ने शहीदों के त्याग, साहस और बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra