कटिहार के शहीद चौक पर मार्केट कंपलेक्स बनाने की मांग
कटिहार, 27 फरवरी (हि.स.)। बिहार विधानसभा के शून्य काल में पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कटिहार के शहीद चौक स्थित कर्पूरी मार्केट के निकट बस स्टैंड की समस्या उठाई। उन्होंने सरकार से मांग की कि खाली पड़े बस स्टैंड की जमीन पर मार्केट कंपलेक्स, वाहन पार्किंग और अन्य नागरिक सुविधाओं का निर्माण कराया जाए। इससे लोगों को व्यावसायिक जगह और पार्किंग की सुविधा मिलेगी, साथ ही जाम की समस्या भी कम होगी।
शहीद चौक नगर का मुख्य चौक है, जहां भारी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। यहां नगर थाना, कपड़ा व्यवसाय से जुड़ा मंगल बाजार, चिकित्सा सेवा के लिए विख्यात बिनोदपुर, नगर निगम कार्यालय, राजकीय उच्च विद्यालय और सदर अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण संस्थान हैं। इसके अलावा, यह कपड़ा और किराना व्यवसाय का मुख्य केंद्र भी है।
तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि जन सुविधा के अभाव में लोगों को काफी परेशानी होती है। खाली पड़े बस स्टैंड की जमीन पर मार्केट काम्पलेक्स का निर्माण से जहां लोगों को व्यावसायिक जगह उपलब्ध होगी, वहीं पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होने पर इन क्षेत्रों में जाम की समस्या भी कम होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

