नाला निर्माण में लापरवाही से जलजमाव, महामारी की आशंका
कटिहार, 29 मई (हि.स.)। नगर पंचायत बारसोई के वार्ड संख्या सात में नाला और कलभर्ट निर्माण में बरती गई कथित अनियमितता के कारण बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।
रेलवे क्षेत्र और वार्ड संख्या छह का गंदा पानी सीधे इस वार्ड में प्रवेश कर रहा है, जिससे कई रास्तों पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। जलजमाव के कारण इलाके में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और स्थानीय लोगों में महामारी फैलने की आशंका गहरा गई है। इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय पूर्व विधायक महबूब आलम ने नगर प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि अविलंब होम पाइप लगाकर जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेंगे और नगर कार्यालय का घेराव करेंगे।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार और विभागीय लापरवाही के कारण निर्माण कार्य के दौरान जरूरी होम पाइप नहीं लगाए गए। इसके चलते पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। रही-सही कसर लगातार हो रही बारिश ने पूरी कर दी, जिससे गंदा पानी अब लोगों के घरों के सामने जमा हो गया है। लोगों का कहना है कि नगर प्रशासन साफ-सफाई को लेकर पूरी तरह उदासीन बना हुआ है, जिससे स्थिति दिन-प्रतिदिन बदतर होती जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक महबूब आलम ने कहा कि वे इस लापरवाही और जनता की परेशानी को लेकर संबंधित विभाग के मंत्री और उच्च अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने साफ किया कि विकास कार्यों में अनियमितता और जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
परेशान ग्रामीणों ने अब इस मामले में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि नगर प्रशासन की नाकामी के बाद अब उनकी आखिरी उम्मीद अनुमंडल प्रशासन पर टिकी है। ग्रामीण उदय यादव, विजय भारती, कार्तिक पोद्दार, दिलीप फुलेना यादव समेत सैकड़ों लोगों ने संयुक्त रूप से मांग की है कि जल्द से जल्द नाला निर्माण कार्य को दुरुस्त करते हुए होम पाइप लगाया जाए, ताकि जल निकासी सुचारु हो सके और लोगों को परेशानी से राहत मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

