home page

सीवेज उपचार संयंत्र के लिए तारीक अनवर की पहल, डीपीआर नहीं मिलने से फंसी स्वीकृति

 | 
सीवेज उपचार संयंत्र के लिए तारीक अनवर की पहल, डीपीआर नहीं मिलने से फंसी स्वीकृति


कटिहार, 09 अप्रैल (हि.स.)। सांसद तारिक अनवर ने कटिहार जिले के मनिहारी नगर पंचायत क्षेत्र में सीवेज उपचार संयंत्र (एसटीपी) के निर्माण के लिए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल को पत्र लिखा था, जिसका जवाब प्राप्त हुआ है। पत्र में बताया गया है कि इस परियोजना के लिए अभी तक विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, जिस कारण स्वीकृति की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई है।

कटिहार जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता पंकज कुमार तमाखुवाला ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय मंत्री ने पत्र में कहा है कि मनिहारी की जनसंख्या एवं आवश्यकता को देखते हुए छोटे स्तर के सीवेज उपचार संयंत्र या अन्य वैकल्पिक समाधान पर भी विचार किया जा सकता है।

सांसद तारिक अनवर ने कहा कि वे क्षेत्र के विकास और मूलभूत सुविधाओं को लेकर निरंतर प्रयासरत हैं और इस विषय को आगे भी संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से उठाते रहेंगे, ताकि मनिहारी एवं आसपास के क्षेत्रों को शीघ्र बेहतर सुविधा मिल सके।

तारीक अनवर की इस पहल से मनिहारी के निवासियों को स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की उम्मीद है। सांसद की इस पहल का क्षेत्रवासियों ने स्वागत किया है और उन्हें आशा है कि जल्द ही इस परियोजना को स्वीकृति मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह