home page

भागलपुर में लगा भीषण जाम, फंसीं एंबुलेंस और स्कूल बसें

 | 
भागलपुर में लगा भीषण जाम, फंसीं एंबुलेंस और स्कूल बसें


भागलपुर, 20 मार्च (हि.स.)। स्मार्ट सिटी भागलपुर में ट्रैफिक जाम की समस्या अब विकराल रूप लेती जा रही है। शुक्रवार को तातारपुर रोड पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।

जब्बारचक चौक से तातारपुर चौक तक करीब एक घंटे तक भीषण जाम लगा रहा। जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और गाड़ियां रेंगने को मजबूर दिखीं। हालात इतने खराब हो गए कि एंबुलेंस और स्कूली बसें भी जाम में फंस गईं। इससे मरीजों और बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने खुद यातायात संभालने की कोशिश की, लेकिन स्थिति काबू से बाहर रही।

स्थानीय लोगों ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर में लगाए गए कैमरे सिर्फ चालान काटने तक सीमित हैं, जबकि जाम जैसी गंभीर समस्या के समाधान पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।

दोपहर करीब एक बजे जाम की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। ट्रैफिक पुलिस और तातारपुर थाना की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सामान्य कराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर