home page

दरभंगा सदर एसडीओ न्यायालय में विभिन्न मामलों की सुनवाई

 | 
दरभंगा सदर एसडीओ न्यायालय में विभिन्न मामलों की सुनवाई


दरभंगा, 08 मई (हि.स.)। सदर अनुमंडल पदाधिकारी सह कार्यपालक दंडाधिकारी विकास कुमार के न्यायालय में शुक्रवार को विभिन्न प्रशासनिक एवं राजस्व मामलों की सुनवाई की गई। न्यायालय कक्ष में दिनभर पक्षकारों, अधिवक्ताओं एवं संबंधित कर्मियों की आवाजाही बनी रही।

सुनवाई के दौरान भूमि विवाद, अतिक्रमण, शांति व्यवस्था तथा अन्य प्रशासनिक मामलों से जुड़े कई मामलों पर क्रमवार सुनवाई हुई। दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं ने अपने-अपने आवेदन, दस्तावेज एवं पक्ष न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए। एसडीओ ने सभी पक्षों की दलीलें गंभीरता से सुनते हुए उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कई मामलों में संबंधित अंचल अधिकारियों एवं कर्मियों से प्रतिवेदन तलब करते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया।

सुनवाई के दौरान न्यायालय कक्ष में अनुशासन एवं गंभीरता का वातावरण बना रहा। पक्षकारों को अपनी बात रखने का अवसर दिया गया तथा मामलों के निष्पक्ष निष्पादन पर बल दिया गया। प्रशासनिक न्यायालय में दिनभर विभिन्न मामलों की सुनवाई को लेकर लोगों की भीड़ लगी रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra