home page

सेवा संकल्प अभियान: पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भागलपुर में जुटी भाजपा

 | 
सेवा संकल्प अभियान: पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भागलपुर में जुटी भाजपा


भागलपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के सफल 25 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सिल्क सिटी भागलपुर में विभिन्न रचनात्मक और सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में मुख्य रूप से शामिल होने के लिए भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी रविवार को विशेष रूप से भागलपुर पहुंचे। उनके साथ स्थानीय नगर विधायक रोहित पांडेय सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अभियान के अंतर्गत स्थानीय स्कूलों में ‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम का विशेष आयोजन किया गया। इसके तहत स्कूली बच्चों के बीच चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को ‘विकसित भारत’, ‘प्रधानमंत्री का सार्वजनिक जीवन’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से उकेरने का अवसर मिला।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों से सीधा संवाद करते हुए बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि भारत आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। देश को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है और इसमें देश के भविष्य यानी बच्चों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने पीएम मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और देश के प्रति उनके समर्पण का उल्लेख किया। प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी अनगिनत जनकल्याणकारी नीतियों ने आम लोगों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाया है। इन योजनाओं का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी सुविधाओं को सीधे पहुंचाना और उनके जीवन को सुगम बनाना है। उन्होंने वहां मौजूद बच्चों, शिक्षकों और आम नागरिकों से प्रधानमंत्री के इस 25 वर्षीय सेवा काल के उपलक्ष्य में आयोजित अन्य कार्यक्रमों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने की भावुक अपील की। इस अवसर पर नगर विधायक रोहित पांडेय और अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी बच्चों की प्रतिभा की जमकर सराहना की और उन्हें देश के स्वर्णिम भविष्य की कल्पना से जोड़ने के इस प्रयास को सराहा। कार्यक्रम में विजेता बच्चों को प्रोत्साहित भी किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर