home page

सीमांचल के मक्का कारोबार को एनएफआर ने दी रफ्तार: कटिहार रेल मंडल ने 43 रैक लोड कर कमाए ₹29.72 करोड़

 | 
सीमांचल के मक्का कारोबार को एनएफआर ने दी रफ्तार: कटिहार रेल मंडल ने 43 रैक लोड कर कमाए ₹29.72 करोड़


कटिहार, 31 अगस्त (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने माल ढुलाई परिचालन को सुगम बनाने और राजस्व में वृद्धि के उद्देश्य से कई नई ग्राहक अनुकूल पहलों की शुरुआत की है। इन पहलों के तहत मक्का लोडिंग में कटिहार रेल मंडल ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए अकेले 29.72 करोड़ रुपये का भारी राजस्व जुटाया है। यह जानकारी पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने दी।

कटिहार मंडल से 43 रैक मक्के का लदान

सीपीआरओ के अनुसार, कटिहार मंडल के अधीन पूर्णिया, कटिहार, रानीपतरा, अररिया, जलालगढ़, रहमतपुर, बथनाहा, सूर्यकमल और डालखोला स्टेशनों से मक्के के कुल 43 रैक लोड किए गए, जिससे रेलवे को 29.72 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई। इसके अलावा अलीपुरद्वार मंडल के फालाकाटा से राणिबेन्नूर के लिए मक्के का एक रैक लोड करने से 0.74 करोड़ रुपये और तूफानगंज से जिराणीया तक चावल के एक रैक से 0.29 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित हुआ।

लामडिंग मंडल में सीमेंट, तेल और स्टोन चिप्स की रिकॉर्ड ढुलाई

एनएफआर के लामडिंग मंडल में भी विभिन्न प्रकार की सामग्रियों के परिवहन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। मंडल से सीमेंट के 1,921 वैगनों की बुकिंग से 9.06 करोड़ रुपये, पेट्रोलियम, तेल एवं लुब्रिकेंट (पीओएल) के 196 वैगनों से 2.38 करोड़ रुपये तथा स्टोन चिप्स के 315 वैगनों से 1.37 करोड़ रुपये का माल राजस्व हासिल किया गया।

नए स्टेशनों पर माल व सैन्य आवाजाही शुरू

माल परिवहन को और अधिक कुशल बनाने के लिए आधारभूत ढांचे का विस्तार भी किया गया है। इसके तहत तिनसुकिया मंडल के खराहाट स्टेशन पर पीएससी स्लीपर के आवक परिवहन की सुविधा शुरू की गई है, जबकि रंगिया मंडल के न्यू मिसामारी स्टेशन को आवक मिलिट्री ट्रैफिक (सैन्य संचालन) के लिए खोल दिया गया है।

सीपीआरओ ने बताया कि इन कदमों से रेल आधारित लॉजिस्टिक्स सुदृढ़ हुआ है और कार्गो परिवहन के नए अवसर पैदा हुए हैं, जिससे क्षेत्रीय व्यापार एवं समग्र आर्थिक विकास को गति मिल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह