home page

राशन वितरण में गड़बड़ी पर सीधी कार्रवाई: एसडीओ

 | 
राशन वितरण में गड़बड़ी पर सीधी कार्रवाई: एसडीओ


गोपालगंज, 01 मार्च (हि.स.)।होली पर्व से ठीक पहले प्रशासन ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली को लेकर सख्त रुख अपनाया है। हथुआ अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार चंदन ने कहा है कि खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फरवरी माह का शत-प्रतिशत खाद्यान्न उठाव सुनिश्चित होने के बाद अब समयबद्ध और पारदर्शी वितरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अनुमंडल स्तर पर आयोजित समीक्षा बैठक में एसडीओ ने आपूर्ति विभाग, प्रखंड विकास पदाधिकारियों और संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी उचित मूल्य दुकानों पर नियमित निगरानी रखी जाए। प्रत्येक लाभुकों को निर्धारित मात्रा में अनाज मिले, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। कम वजन, कालाबाजारी या अतिरिक्त राशि वसूली की शिकायत मिलने पर संबंधित डीलर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। एसडीओ ने ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने का भी निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि कई लाभुकों का ई-केवाईसी लंबित है, जिससे भविष्य में उन्हें राशन मिलने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में प्रखंड स्तर पर विशेष अभियान चलाकर शेष लाभुकों का ई-केवाईसी कार्य जल्द पूरा किया जाए। तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए भी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की बात कही गई।होली पर्व को देखते हुए एसडीओ ने प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों को भी निर्देश जारी किए हैं। बाजारों और ग्रामीण क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने, भीड़-भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाने तथा आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या अव्यवस्था को सख्ती से रोका जाए। राशन वितरण में किसी तरह की लापरवाही से आम जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए।

एसडीओ ने कहा कि यदि किसी लाभुक को खाद्यान्न नहीं मिलने, कम देने या दुर्व्यवहार की शिकायत मिलती है तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने और निरीक्षण की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी उचित मूल्य दुकानों पर स्टॉक और वितरण तिथि की जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाए, ताकि लाभुकों को जानकारी मिल सके। नियमित औचक निरीक्षण कर वितरण व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला पदाधिकारी का साफ निर्देश है कि होली जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर किसी भी परिवार को राशन के लिए भटकना नहीं पड़े। फरवरी माह का शत-प्रतिशत उठाव होने के बाद अब वितरण और ई-केवाईसी की गति ही व्यवस्था पर नजर रखी गई है। इससे अनुमंडल क्षेत्र में पारदर्शिता और विश्वास दोनों मजबूत होंगे, अन्यथा लापरवाही पर कठोर कार्रवाई तय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Akhilanand Mishra