राघोपुर के यदुनाथ मध्य विद्यालय में मिड-डे मील व हाजिरी में गड़बड़ी, 10:30 बजे बाद बनी उपस्थिति
सुपौल, 06 मई (हि.स.)। जिले के राघोपुर प्रखंड के सिमराही स्थित यदुनाथ मध्य विद्यालय में बुधवार को शिक्षा व्यवस्था और मिड-डे मील संचालन में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं।
निर्धारित समय पर बच्चों को भोजन नहीं मिलने और उपस्थिति दर्ज करने में लापरवाही ने विद्यालय प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े 10 बजे तक विद्यालय में बच्चों को मिड-डे मील नहीं दिया गया था। कक्षा 1 और 2 के छात्रों तथा संबंधित शिक्षिका से बातचीत में यह सामने आया कि उस समय तक बच्चों की उपस्थिति भी दर्ज नहीं की गई थी।
बच्चों ने स्पष्ट रूप से बताया कि उन्हें न तो भोजन मिला और न ही उनकी हाजिरी बनी। विद्यालय में उपस्थिति भी बेहद कम देखी गई। कक्षा 1 में केवल 8 बच्चे और कक्षा 6 में महज 5 छात्र मौजूद थे, जिससे पठन-पाठन व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
सरकारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक, स्कूलों में सुबह 7 से 7:30 बजे के बीच उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य है, जबकि मिड-डे मील का वितरण लगभग 9:40 बजे तक कर दिया जाना चाहिए। लेकिन यहां इन नियमों की खुलेआम अनदेखी होती नजर आई।
मामले की जानकारी मिलते ही प्रधानाध्यापक उमेश मंडल विद्यालय पहुंचे। प्रारंभ में उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार किया, लेकिन बाद में सफाई देते हुए बताया कि बच्चों की कम संख्या और रसोइया के देर से आने के कारण भोजन वितरण में देरी हुई। स्थिति तब और संदिग्ध हो गई जब 10:30 बजे के बाद उपस्थिति रजिस्टर में हाजिरी दर्ज करवाई गई। प्रधानाध्यापक ने स्वयं शिक्षिका को रजिस्टर देकर कक्षा 1 और 2 के बच्चों की उपस्थिति बनवानी शुरू की।
इस दौरान कक्षा के अंदर फोटो और वीडियो बनाने से भी रोका गया और बाहर जाने के लिए कहा गया, जिससे यह आशंका और गहरी हो गई कि विद्यालय में नियमित रूप से नियमों की अनदेखी की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बच्चों के भोजन और शिक्षा जैसे अहम मुद्दों पर इस तरह की लापरवाही जारी रही, तो सरकारी योजनाओं का उद्देश्य अधूरा रह जाएगा।
मामले को लेकर राघोपुर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुनील कुमार देव ने जांच कराने की बात कही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में लापरवाही पाई जाती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

