home page

सेहत की रोशनी से खेल की चमक तक, सेंट जेवियर्स में दिखा सेवा और प्रतिभा का संगम

 | 
सेहत की रोशनी से खेल की चमक तक, सेंट जेवियर्स में दिखा सेवा और प्रतिभा का संगम


सेहत की रोशनी से खेल की चमक तक, सेंट जेवियर्स में दिखा सेवा और प्रतिभा का संगम


सुपौल, 30 अगस्त (हि.स.)। सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, सुपौल परिसर में रविवार को स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक सेवा और खेल प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यालय में लायंस क्लब, सुपौल के सहयोग से निःशुल्क नेत्र जांच शिविर के साथ प्रथम जिला कराटे चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया गया। दोनों कार्यक्रमों का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रशासक एवं प्राचार्य ने अतिथियों एवं गणमान्य लोगों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों, लाभार्थियों एवं कराटे प्रतिभागियों का स्वागत प्राचार्य सर्वेश कुमार तिवारी ने किया। लायंस क्लब के सचिव डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा एवं अध्यक्ष डॉ. विकास कुमार ने क्लब के उद्देश्यों और सामाजिक सरोकारों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

लायंस क्लब की सदस्य ललिता जायसवाल एवं धर्मेंद्र कुमार सिंह उर्फ पप्पू ने ऐसे सामाजिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन में सेंट जेवियर्स हाई स्कूल की ओर से मिले सहयोग की सराहना की।

आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में करीब 100 विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की आंखों की जांच की गई। प्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा एवं डॉ. आर.के. विश्वास ने लोगों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा जरूरत के अनुसार दवाएं भी उपलब्ध कराईं। चिकित्सकों ने लोगों को नियमित रूप से आंखों की जांच कराने और नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।

शिविर को सफल बनाने में लायंस क्लब, सुपौल के अध्यक्ष डॉ. विकास कुमार, सचिव डॉ. प्रदीप शर्मा, उपसचिव रौशन आनंद एवं संयोजक धर्मेंद्र कुमार सिंह उर्फ पप्पू का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर लायंस क्लब के सदस्य तपेश्वर मिश्र, अधिवक्ता अनुनय ठाकुर, राजेश कुमार मोहनका, अजय कुमार, श्रवण कुमार मोहनका, चंदन कुमार एवं विजय कुमार झा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। श्रीमती नम्रता पांडेय की भी विशेष उपस्थिति रही।

कराटे चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम वहीं, प्रथम जिला कराटे चैंपियनशिप-2026 में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों में उत्साह भर दिया। चैंपियनशिप के माध्यम से जिले के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और उसे प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिला।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में साइको शिहान शिव के. पंचाल , चीफ इंस्ट्रक्टर-ISKA, सेंसेई अनिल कुमार, जनरल सेक्रेटरी, डिस्ट्रिक्ट कराटे एसोसिएशन ऑफ सुपौल एवं सदस्य ISKF शोटोकान इंटरनेशनल ब्लैक बेल्ट तथा सेंसेई दिलीप कुमार यादव, डिस्ट्रिक्ट कराटे एसोसिएशन ऑफ सुपौल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से प्रतियोगिता का सफल आयोजन संभव हो सका। विद्यालय की ओर से प्राचार्य सर्वेश कुमार तिवारी एवं एडमिनिस्ट्रेटर विश्वास चंद्र मिश्रा के मार्गदर्शन और सहयोग से दोनों कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए। कार्यक्रम का संचालन सुश्री निशा एवं सुश्री स्नेहा ने किया।

एक ही परिसर में आयोजित इन दोनों कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि शिक्षा के साथ स्वास्थ्य, खेल, अनुशासन और सामाजिक सेवा भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं। नेत्र जांच शिविर के माध्यम से जहां सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया गया, वहीं कराटे चैंपियनशिप के जरिए जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र