home page

सावन महोत्सव में झूमीं महिलाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

 | 
सावन महोत्सव में झूमीं महिलाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां


अररिया 02 अगस्त(हि.स.)। अग्रवाल महिला मंच की ओर से रविवार को फारबिसगंज के श्री मारवाड़ी अतिथि सदन में सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, युवतियों एवं बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं सांस्कृतिक रंग में रंग दिया। सावन गीतों, संगीत, नृत्य, खेल एवं विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों से दिनभर आयोजन स्थल गुलजार रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल, संरक्षक राजकुमार अग्रवाल, अग्रवाल महिला मंच की अध्यक्ष चित्रा मित्तल, पवन अग्रवाल, सौरव अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, आदर्श गोयल, कमल मित्तल, महेश अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उद्घाटन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

महिलाओं एवं युवतियों ने सावन के पारंपरिक गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। कार्यक्रम में आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के विजेताओं सहित सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

महोत्सव के दौरान स्वादिष्ट व्यंजनों, विभिन्न खेलों, परिधानों, लड्डू गोपाल के वस्त्र एवं झूले सहित अनेक आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों ने खरीदारी के साथ-साथ विभिन्न व्यंजनों का भी आनंद लिया। पूरे आयोजन के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम का संचालन अग्रवाल महिला मंच की सचिव संगीता अग्रवाल एवं युवती मंच की सचिव संगीता गोयल ने संयुक्त रूप से किया। आयोजन को सफल बनाने में शांता अग्रवाल, संगीता कंडोई, दीपा अग्रवाल, बबीता अग्रवाल, पायल अग्रवाल, सुनीता राजगढ़िया, अनीता अग्रवाल, बबीता फिटकरीवाला, सरोज अग्रवाल, बबीता धनावत, नीता अग्रवाल, सुनीता गोयल, उर्मिला जैन, सुधा अग्रवाल, सुमन जिंदल, संजू अग्रवाल सहित अग्रवाल महिला मंच की सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर