home page

सत्यदेव उच्च विद्यालय का डीएम ने किया औचक निरीक्षण

 | 
सत्यदेव उच्च विद्यालय का डीएम ने किया औचक निरीक्षण


सत्यदेव उच्च विद्यालय का डीएम ने किया औचक निरीक्षण


सुपौल, 03 सितंबर (हि.स.)। जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने गुरुवार को पिपरा स्थित सत्यदेव उच्च विद्यालय का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों एवं शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक ने बताया कि कुछ विद्यार्थी नियमित रूप से विद्यालय नहीं आते हैं। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन विद्यार्थियों की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम है, उनके अभिभावकों को विधिवत सूचना अथवा नोटिस देकर बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए।

डीएम ने विद्यार्थियों को निर्धारित पाठ्यक्रम से लगातार जोड़कर रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों के लेसन प्लान की समीक्षा की और नियमित रूप से पाठ योजना तैयार करने के प्रयासों की सराहना की। प्रधानाध्यापक को प्रत्येक कक्षा में विषयवार माइक्रोप्लान प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों को पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का नियमित अभ्यास कराने तथा प्रत्येक कक्षा में पूर्व में पढ़ाए गए पाठ का संक्षिप्त पुनरावलोकन कराने का निर्देश दिया। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि प्रत्येक शिक्षक के पास संबंधित सिलेबस, पाठ योजना एवं आवश्यक शिक्षण सामग्री उपलब्ध रहे।

जिला पदाधिकारी ने शिक्षकों से शिक्षण कार्य को और अधिक रोचक एवं सहभागितापूर्ण बनाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों की मजबूत शैक्षणिक नींव तैयार करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

शिक्षकों के सामूहिक प्रयास से ही विद्यार्थी शैक्षिक रूप से सशक्त होकर समाज के जिम्मेदार नागरिक बन सकेंगे। उन्होंने सभी शिक्षकों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करने का आग्रह किया। निरीक्षण के दौरान डीपीओ माध्यमिक शिक्षा एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, पिपरा उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र