home page

किशनगंज के सरदार लखविंदर सिंह लक्खा को मिला 'सिंह इज किंग' सम्मान

 | 
किशनगंज के सरदार लखविंदर सिंह लक्खा को मिला 'सिंह इज किंग' सम्मान


किशनगंज, 02 नवंबर (हि.स.)। बिहार के किशनगंज जिले के लिए गर्व और गौरव का क्षण है। जिले के निवासी सरदार लखविंदर सिंह लक्खा को पश्चिम बंगाल के आसनसोल में आयोजित भव्य समारोह में प्रतिष्ठित 'सिंह इज किंग' अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।

उन्हें यह सम्मान 14वें सिख शिक्षा एवं उत्कृष्टता पुरस्कार 2026 के तहत प्रदान किया गया। सिख वेलफेयर सोसाइटी एवं सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की संयुक्त पहल पर आयोजित इस समारोह में उन्हें सिख समाज, धार्मिक परंपराओं के संरक्षण, अल्पसंख्यक अधिकारों और सामाजिक सद्भाव के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

सरदार लखविंदर सिंह लक्खा वर्तमान में बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष, तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब के वरीय उपाध्यक्ष तथा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी किशनगंज के अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। इन जिम्मेदारियों के माध्यम से वे लंबे समय से सामाजिक, धार्मिक और सामुदायिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

समारोह के दौरान आयोजक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने कहा कि समाज के समग्र विकास, धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने में समर्पित नेतृत्व की अहम भूमिका होती है।

सरदार लखविंदर सिंह लक्खा ने अपने कार्यों से समाज में सेवा, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया है। उनके इसी योगदान और समर्पण को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित किया गया।

इस अवसर पर आयोजकों की ओर से उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र में निरंतर सक्रिय योगदान की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

आसनसोल में किशनगंज के लाल को मिले इस सम्मान की खबर सामने आते ही जिले सहित पूरे सीमांचल और बिहार के सिख समुदाय में खुशी की लहर दौड़ गई। विभिन्न सामाजिक संगठनों, गणमान्य लोगों और शुभचिंतकों ने इसे किशनगंज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए सरदार लखविंदर सिंह लक्खा को बधाई दी। लोगों का कहना है कि यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि जिले की सामाजिक और धार्मिक पहचान को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई प्रतिष्ठा दिलाने वाला है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह