home page

संविधान दिवस पर छपरा में विविध कार्यक्रम, प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

 | 
संविधान दिवस पर छपरा में विविध कार्यक्रम, प्रस्तावना का सामूहिक वाचन


संविधान दिवस पर छपरा में विविध कार्यक्रम, प्रस्तावना का सामूहिक वाचन


संविधान दिवस पर छपरा में विविध कार्यक्रम, प्रस्तावना का सामूहिक वाचन


सारण, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर छपरा के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें शिक्षकों, पदाधिकारियों और छात्र-छात्राओं ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

जयप्रकाश विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह में कुलपति प्रो. परमेन्द्र कुमार वाजपेयी ने प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। उन्होंने कहा कि संविधान लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता का आधार है। युवाओं को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को जीवन में उतारते हुए कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूक और शिक्षित युवा ही विकसित भारत के संकल्प को साकार कर सकते हैं। कार्यक्रम में एनएसएस समन्वयक, डॉ. अभय कुमार सिंह और प्रियदर्शिनी कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं व स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

उधर, राजेंद्र कॉलेज परिसर में एनएसएस इकाई द्वारा संविधान दिवस पर प्रस्तावना पाठ के बाद संविधान की महत्ता, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों पर विशेष परिचर्चा हुई। प्राचार्य ने अपने संदेश में कहा कि संविधान एकता, अखंडता और लोकतंत्र की आधारशिला है तथा विद्यार्थियों को अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। वक्ताओं ने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और समकालीन प्रासंगिकता पर विचार रखे। आयोजन में कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. बैठियार सिंह साहू, डॉ अनुपम कुमार, डॉ. ऋचा मिश्रा, डॉ. तनु गुप्ता, प्रो. पूनम, प्रो. अशोक कुमार सिन्हा और प्रो आलोक वर्मा सहित अन्य प्राध्यापक, कर्मी व स्वयंसेवक शामिल हुए।

वहीं, जयप्रकाश महिला महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत प्रस्तावना के सामूहिक वाचन से हुई। डॉ. अर्चना सिन्हा ने संविधान के निर्माण और मौलिक अधिकारों की जानकारी दी, जबकि डॉ. प्रतिभा रिछारिया ने प्रस्तावना पढ़ी। छात्राओं ने एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों पर विचार रखे। एनएसएस इकाई-2 की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. बिंदी कुमारी के तत्वावधान में हुए इस आयोजन में डॉ. अनीता गौतम, डॉ. विनोद चौधरी तथा छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार