home page

श्रावण पूर्णिमा एवं रक्षाबंधन के अवसर पर बाबा हरिहरनाथ मंदिर में तीन मंत्रियों ने किया जलाभिषेक

 | 

सारण, 28 अगस्त (हि.स.)। सोनपुर श्रावण पूर्णिमा और रक्षाबंधन के पावन अवसर पर विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ की मंदिर में श्रद्धालुओं के साथ-साथ राजनेताओं का तांता लगा रहा। इस अवसर पर बिहार सरकार के भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी तथा कला, संस्कृति एवं युवा विभाग मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने मंदिर पहुंचकर बाबा हरिहरनाथ के दर्शन, पूजन और विशेष जलाभिषेक किया। मंत्रियों ने प्रदेश व देश की शांति और समृद्धि की कामना की।

मंदिर पहुंचने पर बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। पुजारियों ने पूरे विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई। पूजा के पश्चात न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह उर्फ लल्ला ने तीनों मंत्रियों को अंग-वस्त्र, पुष्प माला, विशेष प्रसाद और मंदिर का प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान कई स्थानीय जनप्रतिनिधि व श्रद्धालु उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार