home page

सारण एसएसपी ने फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और वारंट निष्पादन में तेजी लाने के दिए निर्देश

 | 
सारण एसएसपी ने फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और वारंट निष्पादन में तेजी लाने के दिए निर्देश


सारण, 07 अगस्त (हि.स.)। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय और पुलिस उपाधीक्षक रक्षित कार्यालय के साथ एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले की कानून व्यवस्था को मजबूत करना और अपराध पर लगाम लगाना था।

बैठक के दौरान जिले की वर्तमान विधि-व्यवस्था, लंबित कांडों के निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, वारंट व कुर्की-जब्ती की कार्रवाई, शराबबंदी अभियान और संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की गई। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए।

विशेष रूप से लंबित मामलों का तेजी से और गुणवत्तापूर्ण निपटारा करने पर जोर दिया गया। साथ ही रात्रि गश्ती और वाहन जांच अभियान को और अधिक सख्त बनाने की हिदायत दी गई। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि आम जनता की शिकायतों का समाधान त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष होना चाहिए।

आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी पुलिस पदाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार