सोनपुर मेला उद्घाटन और कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर विशेष ट्रैफिक प्लान जारी
सारण, 21 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध हरिहरनाथ क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के उद्घाटन और कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेला को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। 22 नवंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित आगमन तथा स्नान पर्व पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सारण और वैशाली जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के आदेशानुसार मेला उद्घाटन के दिन (यानी 22 नवंबर को) अपराह्न 03:00 बजे से रात्रि 08:00 बजे तक विशेष यातायात नियम प्रभावी रहेंगे। इस पांच घंटे की अवधि के दौरान छपरा से सोनपुर की ओर जाने वाले वाहनों को निर्धारित डायवर्जन के तहत महात्मा गांधी सेतु के रास्ते प्रस्थान कराया जाएगा।
कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान के मद्देनजर 23 नवंबर के पूर्वाह्न से 25 नवंबर के पूर्वाह्न तक शहरी क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा। इस दौरान केवल मेला ड्यूटी में लगे सरकारी वाहनों और एंबुलेंस को ही परिचालन की अनुमति होगी।
छपरा से हाजीपुर जाने वाले बड़े वाहनों को मकेर, रेवा घाट, अंबारा, लालगंज और भगवानपुर थाना होते हुए हाजीपुर भेजा जाएगा। इनका हाजीपुर शहर में प्रवेश वर्जित रहेगा।
पटना से छपरा की ओर जाने वाले महात्मा गांधी सेतु से आने वाले बड़े वाहन रामाशीष चौक से भगवानपुर थाना होते हुए लालगंज की ओर मुड़ेंगे और अंबारा व रेवा घाट के रास्ते छपरा जाएंगे। छोटे वाहन नए गंडक पुल (एनएच-19) से छोटे वाहनों का आवागमन सामान्य रूप से जारी रहेगा।
पुराने गंडक पुल सौ वर्ष से अधिक पुराना होने और निचला हिस्सा क्षतिग्रस्त रहने के कारण पुराने गंडक पुल पर भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद है। 23 नवंबर से 26 नवंबर की शाम 05:00 बजे तक इस पुल पर सभी चारपहिया और दुपहिया वाहन भी बंद रहेंगे।
इस अवधि में पुल का मुख्य मार्ग दोनों ओर की पैदल लेन केवल हाजीपुर से सोनपुर घाट व हरिहरनाथ मंदिर जाने वाले पैदल श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा, सोनपुर से हाजीपुर की ओर पैदल आवाजाही भी बंद रहेगी।
इसके बाद 26 नवंबर को दोपहर 12:00 बजे से 28 नवंबर तक पुल का बीच वाला मुख्य मार्ग सोनपुर से हाजीपुर लौटने वाले यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा, जबकि दोनों तरफ की लेन हाजीपुर से सोनपुर जाने वालों के लिए आरक्षित रहेगी।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

