home page

सोनपुर के आनंदपुर घाट पर तेज बहाव एवं तटबंध कटाव के कारण धारा-163 लागू, छठ महापर्व को लेकर प्रशासन सतर्क

 | 

सारण, 14 नवंबर (हि.स.)। छठ महापर्व-2026 के मद्देनजर सारण जिला प्रशासन ने सोनपुर के आनंदपुर घाट क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। गंडक नदी के जलस्तर में वृद्धि और तेज बहाव के कारण तटबंध कटाव की आशंका को देखते हुए अनुमंडल दंडाधिकारी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। यह प्रतिबंध 14 नवंबर 2026 के पूर्वाह्न से 16 नवंबर 2026 के मध्याह्न तक प्रभावी रहेगा।

जारी आदेश के अनुसार कटाव प्रभावित क्षेत्र और उसकी 200 मीटर की परिधि में अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश व जमावड़ा पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा नदी में स्नान करने, कपड़े धोने और नावों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है।

राहत एवं कटाव निरोधी कार्यों में बाधा डालने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से नियमों का पालन करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार