home page

सारण शिक्षक निर्वाचन में नामांकन पत्रों की संवीक्षा में 19 पर्चे सही पाए गए

 | 
सारण शिक्षक निर्वाचन में नामांकन पत्रों की संवीक्षा में 19 पर्चे सही पाए गए


सारण शिक्षक निर्वाचन में नामांकन पत्रों की संवीक्षा में 19 पर्चे सही पाए गए


सारण, 07 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद के क्षेत्र संख्या तीन सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन प्रक्रिया के तहत बुधवार को नामांकन पत्रों की संवीक्षा का कार्य संपन्न हो गया। जांच प्रक्रिया के दौरान दाखिल किए गए सभी 19 अभ्यर्थियों के नामांकन पत्र पूरी तरह वैध पाए गए हैं।

संवीक्षा के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक 2007 बैच के आईएएस अधिकारी दीपक आनंद, सारण प्रमंडल के आयुक्त-सह-निर्वाची पदाधिकारी मनीष कुमार, सारण के जिलाधिकारी-सह-सहायक निर्वाची पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और आयुक्त के सचिव प्रमोद कुमार पांडे सहित कई प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशासन द्वारा विधि मान्य अभ्यर्थियों की फोटो सहित व फोटो रहित सूची का प्रकाशन कर दिया गया है।अधिकारियों ने सभी उम्मीदवारों से सूची में अपने नाम और फोटो का मिलान करने की अपील की है, ताकि किसी त्रुटि की स्थिति में समय रहते आवश्यक संशोधन कराया जा सके।

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 09 अक्टूबर 2026 की अपराह्न 3:00 बजे तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी, जिसके आधार पर मतपत्रों की छपाई होगी।

सारण, सीवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण एवं पश्चिमी चंपारण जिलों में फैले इस निर्वाचन क्षेत्र के 98 मतदान केंद्रों पर 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार