home page

सारण पुलिस ने एक दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित खबरों का किया खंडन, बताया तथ्यहीन

 | 
सारण पुलिस ने एक दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित खबरों का किया खंडन, बताया तथ्यहीन


सारण, 18 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने एक दैनिक समाचार पत्र के पृष्ठ संख्या-13 पर मांझी एवं जनताबाजार थाना क्षेत्र से संबंधित प्रकाशित खबरों को तथ्यहीन, निराधार और भ्रामक बताते हुए उनका स्पष्ट खंडन किया है।

सारण पुलिस कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मांझी थाना क्षेत्र में 16 अगस्त की शाम एक दंपति ने ब्लॉक परिसर स्थित पानी टंकी के पास कुछ युवकों द्वारा शराब सेवन और दुर्व्यवहार की मौखिक शिकायत की थी। सूचना मिलते ही गश्ती दल ने मौके की जांच की। स्थानीय लोगों से पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि मामला महज बाइक हटाने को लेकर हुई कहासुनी का था, न कि शराब सेवन का। खबर में लगाए गए आरोप पुलिस की प्रारंभिक जांच से मेल नहीं खाते हैं।

वहीं जनताबाजार थानांतर्गत 12 अगस्त की रात्रि लहलादपुर मोड़ स्थित एक मकान में शराब पार्टी की गुप्त सूचना पर पुलिस ने त्वरित छापेमारी की थी, जहाँ कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। जांच में सामने आया कि मकान मालिक के पुत्र का गांव के ही एक व्यक्ति से पैसे के लेन-देन का विवाद चल रहा है, जिसके कारण पूर्व में भी ऐसी गलत सूचनाएं दी गई थीं।

पुलिस ने समाचार पत्र में गुप्त सूचना लीक होने के दावे का पूरी तरह से खंडन किया है। सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दोनों मामलों में थानों में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस प्रशासन ने दोहराया है कि पुलिस को मिलने वाली प्रत्येक गुप्त सूचना की गोपनीयता और उसके स्रोत की सुरक्षा का पूर्णतः पालन किया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार