home page

सारण पुलिस ने विशेष अभियान में 46 अभियुक्त को किया गिरफ्तार

 | 
सारण पुलिस ने विशेष अभियान में 46 अभियुक्त को किया गिरफ्तार


सारण, 04 मई (हि.स.)। पुलिस ने अपराधियों और शराब माफियाओं के खिलाफ अपने तेवर कड़े कर लिए हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए 24 घंटे के विशेष अभियान में कुल 46 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें 23 वारंटी और 8 शराब कारोबारी शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य असामाजिक तत्वों की धरपकड़ और शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करना था।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में हत्या के प्रयास के चार, अपहरण का एक, धोखाधड़ी का एक, और बंधुआ मजदूर अधिनियम व अवैध खनन से जुड़े एक-एक आरोपी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस ने शराब का सेवन करने वाले सात लोगों को भी हिरासत में लिया है। अभियान के दौरान पुलिस ने न केवल गिरफ्तारियाँ कीं बल्कि अवैध शराब भी जब्त की है। कुल 214.98 लीटर शराब बरामद की गई, जिसमें 212.400 लीटर देशी और 2.580 लीटर विदेशी शराब शामिल है। इसके साथ ही पुलिस ने दो ट्रक, दो मोटरसाइकिल, एक मोबाइल और एक मॉनिटर भी जब्त किया है।

एक अपहृता को सुरक्षित बरामद करना पुलिस के लिए उपलब्धि रही। पुलिस ने इस अवधि में 67 वारंट और 26 कुर्की का निष्पादन किया। वहीं सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से की गई वाहन चेकिंग में 42 वाहनों से कुल 86,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए इस तरह के अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार