सारण में शारदीय नवरात्रि के पहले दिन घाटों पर उमड़े श्रद्धालु, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना शुरू
सारण, 11 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व के प्रथम दिन आज सुबह से ही भक्ति की अद्भुत और पावन बयार बह रही है। जिले के प्रसिद्ध मांझी, रिवेलगंज, तिवारी घाट, डोरीगंज, बंगाली घाट, आमी, दिघवारा और सोनपुर के विभिन्न नदी घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है।
श्रद्धालुओं ने पवित्र नदियों में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान और पूजन-अर्चन के उपरांत श्रद्धालु पवित्र जल को अपने साथ कलश में भरकर अपने घरों एवं पूजा स्थलों की ओर रवाना हुए, जहाँ अनुष्ठान की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। विद्वान पंडितों के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ अत्यंत शुभ मुहूर्त में कलश स्थापना की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
माता दुर्गा के प्रथम स्वरूप के आगमन और इस भव्य अनुष्ठान से पूरा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय माहौल में रंग गया है। श्रद्धालु अपनी श्रद्धा के अनुसार नवदुर्गा की पूजा-अर्चना में जुटे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

