home page

सोनपुर मेला में पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के स्टॉल का मंत्री रमा निषाद ने किया उद्घाटन

 | 
सोनपुर मेला में पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के स्टॉल का मंत्री रमा निषाद ने किया उद्घाटन


सोनपुर मेला में पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के स्टॉल का मंत्री रमा निषाद ने किया उद्घाटन


सारण, 29 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के अवसर पर बिहार सरकार के पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की मंत्री रमा निषाद ने विभागीय स्टॉल का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने मेले में आए आमजनों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और पात्र लाभुकों से इनका अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रमा निषाद ने कहा कि राज्य सरकार समाज के पिछड़े एवं वंचित वर्गों के शैक्षणिक, सामाजिक व आर्थिक उत्थान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विशेष रूप से 'अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय' तथा 'जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास' जैसी प्रमुख योजनाओं के उद्देश्यों और उनसे मिलने वाले लाभों पर प्रकाश डाला।इस अवसर पर मंत्री ने अभिभावकों और छात्राओं से सीधा संवाद भी किया।

उन्होंने कन्या आवासीय विद्यालयों में उपलब्ध निशुल्क आवासीय व शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी देते हुए कहा कि शिक्षा ही आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास का सबसे सशक्त माध्यम है। शिक्षित होकर बेटियां स्वयं के साथ-साथ परिवार व समाज का भी भविष्य संवार सकती हैं। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। मेले में स्थापित इस स्टॉल के माध्यम से आम नागरिकों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार