छपरा में राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर हुई बैठक, 7 हजार नोटिस जारी
सारण, 03 सितंबर (हि.स.)। छपरा व्यवहार न्यायालय के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनंत सिंह के निर्देशानुसार आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता हेतु आज एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार सारण के सचिव राजीव कुमार की अध्यक्षता में संपन्न इस बैठक में बार एसोसिएशन के सचिव शशि भूषण तिवारी, सीजीएम स्वाति सिंह, एसीजीएम-I संगीता रानी, एसडीजेएम सुमित कुमार तथा एसीजीएम-II सुरभी श्रीवास्तव सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में डालसा सचिव ने बताया कि अब तक लगभग 7,000 नोटिस निर्गत किए जा चुके हैं। उन्होंने शेष मामलों में भी ससमय शत-प्रतिशत नोटिस तामिला कराने का निर्देश दिया ताकि अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन हो सके।
अंत में आम जनता से अपील की गई कि वे बैंक ऋण, बिजली, पानी, ट्रैफिक चालान, चेक बाउंस व अन्य सुलहनीय वादों का निःशुल्क व त्वरित निपटारा कराने हेतु 12 सितंबर को लोक अदालत का लाभ उठाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

