छपरा मंडल कारा में 24 बंदियों ने अर्पित किया भगवान भास्कर को अर्घ्य
सारण, 15 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ पर इस बार छपरा मंडल कारा में भक्तिमय और अनुशासित माहौल देखने को मिल रहा है। इस वर्ष जेल के भीतर कुल 24 कैदी, जिनमें 17 पुरुष और 7 महिलाएं शामिल हैं, पूरी निष्ठा से छठ व्रत कर रहे हैं। अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही महिला कैदियों द्वारा पारंपरिक छठ गीत भी गाए जा रहे हैं, जिससे पूरा जेल परिसर गुंजायमान है।
जेल सुपरिंटेंडेंट अमरजीत कुमार ने बताया कि व्रतियों की सुविधा और आस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक पूजा सामग्री और नए वस्त्र उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही, जेल परिसर स्थित तालाब की विशेष साफ-सफाई करवाकर घाट को पूरी तरह पूजा के अनुकूल सुंदर बनाया गया है।
पवित्रता और सुरक्षा के मद्देनजर सभी व्रतियों को एक अलग और स्वच्छ वार्ड में रखा गया है, जहां साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। पर्व को लेकर सुरक्षाकर्मी भी पूरी तरह मुस्तैद हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

