home page

सारण में संभावित बाढ़ को लेकर हाई अलर्ट, उपमुख्यमंत्री सह प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने की समीक्षा बैठक

 | 

सारण, 29 अगस्त (हि.स.)। नेपाल के कैचमेंट एरिया में लगातार हो रही बारिश और नदियों में पानी छोड़े जाने के कारण गंडक नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए सारण जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उपमुख्यमंत्री-सह-प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने सारण का दौरा किया और बाढ़ की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

सर्किट हाउस पहुँचने पर जिलाधकारी वैभव श्रीवास्तव ने प्रभारी मंत्री का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया, जिसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने जिला पदाधिकारी तथा वरीय पुलिस अधीक्षक के साथ संभावित आपदा से निपटने के इंतजामों का जायजा लिया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि गंडक नदी के तटबंधों पर 24 घंटे लगातार निगरानी की जा रही है। मकेर, पानापुर, दरियापुर, अमनौर, परसा और सोनपुर जैसे संवेदनशील तटीय क्षेत्रों में एसडीआरएफ की टीमें तैनात कर दी गई हैं। लाउडस्पीकर के माध्यम से तटीय इलाकों के निवासियों को सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थलों पर जाने की सलाह दी जा रही है।

तटबंधों की सुरक्षा के लिए रात-दिन गश्ती की व्यवस्था की गई है तथा संघर्षात्मक सामग्री भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई गई है। प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए सतर्कता और तत्परता में कोई कमी न रहे। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहे।

वर्तमान में गंडक नदी का प्रवाह सामान्य है और कहीं भी कटाव की सूचना नहीं है। जिला प्रशासन ने आम जनता से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार