home page

सारण के 4.01 लाख लाभार्थियों को मिली राशि

 | 
सारण के 4.01 लाख लाभार्थियों को मिली राशि


सारण, 10 सितंबर (हि.स.)। बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत सितंबर 2026 की पेंशन राशि का लाभार्थियों के खातों में सीधा हस्तांतरण कर दिया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस प्रक्रिया की शुरुआत की।

जिला स्तर पर इस लाइव कार्यक्रम का सीधा प्रसारण छपरा मुख्यालय में किया गया, जहां उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग राहुल कुमार, डीपीओ आईसीडीएस किरण कुमारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और दर्जनों लाभार्थी मौजूद रहे।

जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ नीना झा बताया कि वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को आर्थिक संबल देने वाली इस योजना के तहत जिले में कुल 4,01,626 लाभार्थियों के खातों में 46 करोड़ 43 लाख 4 हजार 400 रुपये की राशि ट्रांसफर की गई है।

जिले में योजना-वार विवरण के अनुसार मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 212068, और राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 86846 बुजुर्गों को लाभ मिला है। इसके अतिरिक्त लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 40444, विधवा पेंशन योजना के 14547, बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 42029 तथा राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 5,692 लाभार्थियों के खातों में राशि भेजी गई है।

डीबीटी प्रणाली के तहत हर महीने की 10 तारीख को सीधे बैंक खातों में राशि भेजने से पूरी व्यवस्था अत्यंत पारदर्शी और प्रभावी हो गई है। जिला प्रशासन ने सभी लाभार्थियों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते और पहचान संबंधी विवरण को हमेशा अद्यतन रखें, ताकि भविष्य में पेंशन हस्तांतरण में कोई तकनीकी बाधा न आए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार