बाढ़ प्रभावित सारण में जलजमाव के बीच फॉगिंग शुरू
सारण, 04 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संक्रामक बीमारियों से बचाव और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। बाढ़ के पानी के कारण पनप रहे मच्छरों और कीट-पतंगों के प्रकोप को थामने के लिए मेडिकल टीम द्वारा प्रभावित इलाकों में लगातार फॉगिंग कराई जा रही है।
इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फुलवरिया नहर से करीब एक किलोमीटर आगे बांध पर सघन फॉगिंग अभियान चलाया, ताकि लोगों को मच्छरों से होने वाली परेशानियों से राहत दिलाई जा सके। जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित सभी पंचायतों में स्वास्थ्य और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर निगरानी बनाए हुए है।
अधिकारियों के अनुसार आवश्यकतानुसार सभी प्रभावित क्षेत्रों में फॉगिंग के साथ-साथ अन्य निरोधात्मक व स्वच्छता संबंधी कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को सुरक्षित व स्वच्छ माहौल मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

