दुर्गा पूजा को लेकर अग्निशमन विभाग का अलर्ट, छपरा में पंडालों का किया निरीक्षण
सारण, 08 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी दुर्गा पूजा पर्व को सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से अग्निशमन विभाग, छपरा द्वारा विशेष अग्नि सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। जिला अग्निशमन पदाधिकारी मनजीत कुमार सिंह के निर्देश पर अनुमंडल अग्निशमन अधिकारी सूरज कुमार के नेतृत्व में अग्निशमन टीम ने रिवीलगंज, बरहमपुर, गुदरी, भगवान बाजार, छपरा जंक्शन, डाकबंगला रोड, थाना चौक, समाहरणालय रोड, म्युनिसिपल चौक, जोगणिया कोठी से कचहरी स्टेशन तक सघन आबादी वाले क्षेत्रों का दौरा कर पूजा पंडालों का बारीकी से निरीक्षण किया।
त्यौहारों के दौरान भीड़ और अस्थाई संरचनाओं के कारण आग के जोखिम को देखते हुए पूजा समितियों को कड़े सुरक्षा निर्देशों के अनुपालन का आदेश दिया। अनुमंडल अग्निशमन अधिकारी सूरज कुमार ने बताया कि पंडालों और आसपास चूल्हे, एलपीजी सिलेंडर या ज्वलनशील गैसों के प्रयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रत्येक पंडाल के पास पानी से भरे दो बड़े ड्रम और पर्याप्त संख्या में चालू फायर एक्स्टिंग्विशर रखना अनिवार्य है।
साथ ही साथ पूजा समिति के सदस्यों और कार्यकर्ताओं को फायर एक्स्टिंग्विशर चलाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जागरूकता पम्पलेट भी बांटे जा रहे हैं। अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने आम नागरिकों और आयोजकों से नियमों का पालन करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

