home page

सोनपुर मेला 2026 की तैयारी को लेकर जिलाधिकारी ने किया बैठक

 | 
सोनपुर मेला 2026 की तैयारी को लेकर जिलाधिकारी ने किया बैठक


सोनपुर मेला 2026 की तैयारी को लेकर जिलाधिकारी ने किया बैठक


सारण, 07 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के सफल, सुव्यवस्थित और सुरक्षित आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। इसी कड़ी में सोनपुर स्थित अनुमंडलीय सभागार में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मेला तैयारियों से जुड़े विभिन्न विभागों के कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान मुख्य रूप से यातायात व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बैरिकेडिंग, अतिक्रमण हटाने और मेला क्षेत्र के सौंदर्यीकरण जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

यातायात एवं ट्रैफिक प्रबंधन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पूर्व के निर्देशों के अनुपालन की स्थिति जानी। उन्होंने मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन से बेहतर समन्वय स्थापित कर डायवर्सन रूट को अंतिम रूप देने और दोनों ओर आवश्यक ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा।

इसके साथ ही पटना की ओर एक अतिरिक्त स्थान पर यातायात व्यवस्था की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया। स्थानीय निवासियों के सुगम आवागमन के लिए मेला अवधि में पास निर्गत करने की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार मेला क्षेत्र में बाइक और स्कूटी पार्किंग की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी।

मेला क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने गलियों और विभिन्न जोन्स में पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके लिए आवश्यकतानुसार नए विद्युत केंद्र स्थापित करने और पंडाल क्षेत्र में विद्युत व लाइटिंग कार्यों की गुणवत्ता जांचने के निर्देश दिए गए। कार्यों के सत्यापन और वर्क ऑर्डर के लिए विशेष जांच टीम गठित की जाएगी। वहीं, नगर क्षेत्र की स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और जहां लाइटें नहीं हैं, वहां नई प्रकाश व्यवस्था की कार्ययोजना जल्द तैयार करने को कहा गया।

सुरक्षा और बैरिकेडिंग के मोर्चे पर भवन प्रमंडल के अधिकारियों ने बताया कि छठ पर्व के बाद बैरिकेडिंग का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने अतिक्रमण की समस्या को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ और एसडीपीओ सोनपुर को संयुक्त रूप से सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र के प्रमुख स्थलों पर स्पष्ट और पर्याप्त साइनेज लगाने की बात कही गई।

पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था के लिए पीएचईडी को विभिन्न स्थलों पर वॉशरूम और पेयजल क्लस्टर बनाने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने इन सभी स्थलों की सूची और लोकेशन चार्ट बोर्ड पर साझा करने को कहा ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आरसीडी और आरडब्लूडी की सड़कों को भी दुरुस्त रखने को कहा गया है, जिसकी निगरानी के लिए एसडीओ सोनपुर के नेतृत्व में एक समिति गठित होगी।

अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम माहौल देने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार