सारण के सभी घाटों और रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा, सहायता, विधि-व्यवस्था एवं चौकसी का जिलाधिकारी ने दिया निर्देश
सारण, 13 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर जिले के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था संधारण के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को कड़े निर्देश जारी करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने पर जोर दिया है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले के सभी प्रमुख छठ घाटों पर भीड़ नियंत्रण, नियमन और प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। महत्वपूर्ण घाटों पर पुलिस पदाधिकारियों और पर्याप्त पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
एकमा थाना अंतर्गत ग्राम माने स्थित मंदिर, मांझी, मठिया और बलुआही से आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। साथ ही, एकमा बाजार स्थित बाजार बाग के पास सारण-सिवान मुख्य मार्ग पर जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन लागू किया गया है।
सभी महत्वपूर्ण घाटों की साफ-सफाई के साथ खतरनाक घाटों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग कराई जा रही है। पीपा पुलों और अस्थायी पुलों की तकनीकी मजबूती का सत्यापन किया गया है। प्रमुख घाटों पर निगरानी के लिए वॉच टावर बनाए गए हैं और भीड़ के बीच पुलिसकर्मियों की सहज पहचान के लिए उन्हें फ्लोरोसेंट जैकेट पहनना अनिवार्य किया गया है।
रेलवे स्टेशनों और क्रॉसिंगों पर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अन्य राज्यों से लौटने वाले श्रमिकों और नागरिकों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर ड्रोन के माध्यम से नशा खुरानी गिरोहों और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
इसके अलावा जिला नियंत्रण कक्ष, प्रमुख अस्पतालों और अग्निशमन सेवाओं के हेल्पलाइन नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है ताकि आपात स्थिति में त्वरित सहायता मिल सके। नदी घाटों पर स्थानीय गोताखोरों की तैनाती, अवैध नावों के परिचालन पर सख्त रोक, तथा जर्जर बिजली तारों की मरम्मत कराई जा रही है।
घाटों के निकट चिकित्सा शिविर, डॉक्टरों की उपलब्धता और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जारी आदेश के अनुसार, दिनांक 14, 15 एवं 16 नवंबर 2026 को निर्धारित रोस्टर और पालियों के तहत सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और जवान अपने कर्तव्य स्थलों पर उपस्थित रहकर दायित्व निभाएंगे। जिला प्रशासन का उद्देश्य छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

