अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सारण जिला योग संघ ने 6 राष्ट्रीय खिलाड़ियों को किया सम्मानित
सारण, 21 जून (हि.स.)। जिला योग संघ द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन विकास नगर, चांदमारी रोड स्थित सेन्ट्रल पब्लिक स्कूल परिसर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक वंदे मातरम् गायन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सरिता सिंह एवं विशिष्ट अतिथि सीपीएस कल्याणपुर की प्राचार्या अंजू सिंह उपस्थित रहीं, जिनका स्वागत पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर किया गया।
प्रातः 6:30 बजे से शुरू हुए इस शिविर में जिले भर के 100 से अधिक योग साधकों, विद्यार्थियों और योग प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रशिक्षित योगाचार्यों के निर्देशन में लोगों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाले 6 खिलाड़ियों का सम्मान रहा। अतिथियों ने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मान-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए।
मुख्य अतिथि ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताया, वहीं विशिष्ट अतिथि ने युवाओं से इसे जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। संघ के अध्यक्ष डॉ. विकाश कुमार सिंह ने सभी को प्रतिदिन योग करने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सचिव यशपाल सिंह और कोषाध्यक्ष प्रीत सिंह की मुख्य भूमिका रही। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

