home page

निबंधन कार्यालयों में अब पेपरलेस रजिस्ट्रेशन में तेजी लाएं : जिलाधिकारी

 | 
निबंधन कार्यालयों में अब पेपरलेस रजिस्ट्रेशन में तेजी लाएं : जिलाधिकारी


निबंधन कार्यालयों में अब पेपरलेस रजिस्ट्रेशन में तेजी लाएं : जिलाधिकारी


सारण, 24 अगस्त (हि.स.)।जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में पेपरलेस निबंधन प्रणाली और निबंधन कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने जिले के सभी निबंधन एवं अवर निबंधन कार्यालयों में कार्यों में तेजी लाने, निबंधन की संख्या बढ़ाने और इन्हें मॉडल कार्यालय के रूप में विकसित करने के सख्त निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निबंधन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और बिचौलिया-मुक्त बनाया जाए। इसके लिए नागरिकों को सही जानकारी देने के उद्देश्य से प्रत्येक कार्यालय परिसर में होर्डिंग, बैनर, स्टैंडी, फ्लोचार्ट और प्रवेश द्वार पर आवश्यक जानकारी प्रदर्शित करने वाली टीवी स्क्रीन लगाने के निर्देश दिए गए।

आम जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए अधिकारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नगर निकायों और प्रखंड विकास अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया।साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में माइकिंग, अनाउंसमेंट और कार्यालयों के आधिकारिक फेसबुक लाइव के माध्यम से पेपरलेस निबंधन की पूरी प्रक्रिया का प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया गया।

नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए लिपिकों और डेटा एंट्री ऑपरेटरों को विशेष प्रशिक्षण देने, दस्तावेजों की रंगीन प्रिंटिंग की व्यवस्था करने तथा बिजली कटौती से निपटने के लिए सोलर पावर सिस्टम, इनवर्टर व जनरेटर स्थापित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने जिला निबंधन कार्यालय के अवर निबंधक को कार्यालय भवन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया।

जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को बिना किसी अनावश्यक परेशानी के एक ही छत के नीचे पारदर्शी, सुगम और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस बैठक में जिला निबंधन अधिकारी सहित सभी अवर निबंधन पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार