उप विकास आयुक्त ने पानापुर में बाढ़ पीड़ित परिवारों की जांच
सारण, 10 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के पानापुर प्रखंड कार्यालय में उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी ने बाढ़ आपदा राहत योजना के तहत आपदा सम्पूर्ति पोर्टल पर बाढ़ पीड़ित परिवारों के डाटा प्रविष्टि कार्य का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पोर्टल पर दर्ज किए जा रहे आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता का बारीकी से जायजा लिया।
डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि डाटा प्रविष्टि में किसी भी प्रकार की तकनीकी या मानवीय त्रुटि न हो। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि कोई भी पात्र बाढ़ पीड़ित परिवार अनुग्रह अनुदान राशि से वंचित न रहे तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत राज पदाधिकारी, सारण, मढ़ौरा अनुमंडल पदाधिकारी एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

