home page

छपरा में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

 | 
छपरा में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन


छपरा में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन


सारण, 03 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार सारण के निर्देशानुसार शनिवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में एक दिवसीय विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसका आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकार एवं यूथ एडवोकेट्स फोरम के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

समारोह में विशेष उत्पाद न्यायाधीश तृतीय राघवेंद्र विक्रम सिंह परमार, डालसा सचिव राजीव कुमार तथा यूथ एडवोकेट्स फोरम के अध्यक्ष अमोद कुमार विद्यार्थी, संस्थापक सदस्य राजीत कुमार एवं सहायक लैड्स अरमान अशरफी सहित कई अधिवक्ता उपस्थित रहे। न्यायिक अधिकारियों ने डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सारण साइबर थाना के डीएसपी दीपक कुमार, पुलिस निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार सिंह एवं पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार रहे। पुलिस टीम ने व्हाट्सएप/ईमेल हैकिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल और डिजिटल फ्रॉड से बचाव के तरीके समझाए। अधिवक्ताओं को अनजान लिंक पर क्लिक न करने और ओटीपी शेयर न करने की हिदायत दी गई।

साथ ही ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या आधिकारिक पोर्टल साइबरक्राइम डॉट जीओवी डॉट इन पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया बताई गई। पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार ने मोबाइल को सुरक्षित रखने का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। फोरम के अध्यक्ष व संस्थापक सदस्यों ने साइबर टीम का आभार जताया। अंत में, फोरम में शामिल हुए नए अधिवक्ताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार