कृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
सारण, 03 सितंबर (हि.स.)। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर दर्शन नगर में कृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव सुरेश प्रसाद सिंह, प्रधानाचार्य विनोद कुमार, राजेश्वर कुअर एवं अभिभावकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
प्रधानाचार्य विनोद कुमार के नेतृत्व व स्वाति सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में अरुण से द्वितीय कक्षा तक के लगभग 150 बच्चों ने भाग लिया। बच्चों के कृष्ण-सुदामा मिलन नाट्य मंचन, मटकी फोड़ तथा राधा-कृष्ण के मनमोहक नृत्य ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
प्रतियोगिता में अरुण से द्वितीय कक्षा के मेधावी प्रतिभागियों शान्वी, सुशांत, काश्वी, अक्षत, रुनझुन, दीक्षा आदि को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन गीतांजलि कुमारी ने किया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

