छपरा में 30 सितंबर से संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा
सारण, 28 सितंबर (हि.स.)। अनुमंडल दंडाधिकारी सदर, छपरा ने बताया कि कंप्यूटर आधारित संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा 2026 को शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से परीक्षा केंद्र के आसपास निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। यह परीक्षा 30 सितंबर से 30 अक्टूबर तक विशेश्वर सेमिनरी उच्च विद्यालय कैंपस स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र पर आयोजित होगी।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा-163 के तहत यह आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्र के 500 गज के दायरे में किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधि, शांति भंग करने या परीक्षा की निष्पक्षता को प्रभावित करने वाले कार्यों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
परीक्षा अवधि के दौरान केंद्र के आसपास हथियार, लाठी-डंडा, भाला, गड़ासा या अन्य घातक हथियार लेकर घूमने तथा अनधिकृत रूप से लाउडस्पीकर/ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर रोक रहेगी।
यह निषेधाज्ञा 30 सितंबर से 30 अक्टूबर तक, प्रत्येक परीक्षा दिवस पर सुबह 07:00 बजे से परीक्षा समाप्ति तक प्रभावी रहेगी। हालांकि, परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकृत कर्मियों, परीक्षार्थियों, ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों को इसमें छूट रहेगी। धार्मिक अनुष्ठानों एवं विवाह कार्यक्रमों के लिए आदेश में निर्धारित प्रावधानों का पालन करना अनिवार्य होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

