सारण के बाढ़ राहत शिविरों में मासूमों को मिलने लगा दूध
सारण, 03 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में जिला प्रशासन द्वारा राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित ठिकाना और भोजन देने के साथ-साथ अब मासूम बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर भगवानपुर-चकिया गंडक बांध पानापुर स्थित आश्रय स्थलों और सामुदायिक किचेन सेंटरों में शरण लिए बच्चों के लिए गर्म दूध के वितरण की पहल शुरू की गई है।
इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य बाढ़ की इस विकट स्थिति में भी बच्चों को जरूरी पोषण और स्वास्थ्यवर्धक आहार उपलब्ध कराना है। प्रशासन द्वारा आश्रय स्थलों में भोजन और सुरक्षित आवास के साथ-साथ इन मानवीय पहलों से पीड़ित परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

