बाबा हरिहरनाथ के दरबार पहुंचे झारखंड के मुख्य सचिव, विधि-विधान से किया अभिषेक
सारण, 20 अगस्त (हि.स.)। सोनपुर विश्व प्रसिद्ध एवं पवित्र हरिहरक्षेत्र स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं और विशिष्ट जनों का आगमन निरंतर जारी है। इसी क्रम में झारखंड सरकार के मुख्य सचिव अविनाश कुमार अपनी धर्मपत्नी प्रीति देवी के साथ बाबा हरिहरनाथ के दरबार पहुंचे।
दंपति ने मंदिर में विधि-विधान से दर्शन, वंदन और विशेष अभिषेक पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने पूरे राष्ट्र सहित बिहार और झारखंड में सुख, शांति, समृद्धि और जन-कल्याण की कामना की।
मंदिर न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह उर्फ लल्ला ने अतिथि देवो भवः की समृद्ध परंपरा का निर्वहन करते हुए मुख्य सचिव एवं उनकी धर्मपत्नी को अंगवस्त्र, पुष्पमाल्य तथा मंदिर का प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर बाबा हरिहरनाथ मंदिर के मुख्य अर्चक सुशील चंद्र शास्त्री, पूजारी सदानंद पाण्डेय, सहकोषाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिन्हा सहित मंदिर समिति के कर्मचारी और सदस्यगण उपस्थिति रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

