home page

छपरा नगर निगम के कर्मियों ने अपने लंबित 11 सूत्री मांगों को लेकर किया प्रदर्शन

 | 
छपरा नगर निगम के कर्मियों ने अपने लंबित 11 सूत्री मांगों को लेकर किया प्रदर्शन


सारण, 30 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन एवं बिहार राज स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ मोर्चा के तत्वावधान में आज नगर निगम कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। संघ के क्षेत्रीय मंत्री व छपरा नगर निगम के अध्यक्ष सियाराम सिंह के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में सफाई, दैनिक पारिश्रमिक, संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं और विभागीय आदेशों के अनुपालन में बरती जा रही उदासीनता के खिलाफ जमकर रोष जताया गया।

प्रदर्शनकारियों ने अपनी 11 सूत्री मांगों को अभिलंब पूरा करने की पुरजोर मांग की। इस दौरान गौरी देवी, सुनीता देवी, राजा बाबू, संतोष सिंह, रमेश यादव, रणजीत राय, अजीत कुमार और अंजनी सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मी मौजूद रहे। मामले पर नगर आयुक्त रणजीत कुमार ने बताया कि संघ द्वारा एक मांग पत्र कार्यालय को सौंपा गया है। अधिकांश मांगें राज्य स्तरीय हैं, और विभाग से निर्देश प्राप्त होते ही इस पर सहानुभूतिपूर्वक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार