home page

छपरा विधायक ने ब्रह्मपुर-बिशुनपुरा पथ की बदहाली पर पथ निर्माण मंत्री को सौपा पत्र

 | 
छपरा विधायक ने ब्रह्मपुर-बिशुनपुरा पथ की बदहाली पर पथ निर्माण मंत्री को सौपा पत्र


सारण, 09 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के व्यस्त ब्रह्मपुर-बिशुनपुरा पथ पर बने गड्ढों को लेकर विधायक छोटी कुमारी ने दुर्गापूजा से पहले तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

उन्होंने पथ निर्माण विभाग के मंत्री को पत्र लिखकर इस मामले में हस्तक्षेप करने और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। विधायक ने चिंता जताते हुए कहा कि इस सड़क से दुर्गापूजा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं का आवागमन होता है।

वर्तमान में सड़क की बदहाल स्थिति किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि महत्वपूर्ण स्थानों पर प्राथमिकता देने के बजाय केवल उन हिस्सों में हल्की मरम्मत की जा रही है, जहां इसकी खास जरूरत नहीं है, जबकि मुख्य गड्ढे जस के तस बने हुए हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले करीब 15 दिनों से लगातार अधिकारियों से अनुरोध किया जा रहा है। उन्होंने खुद जिला अभियंता से स्थलीय निरीक्षण कराकर खतरनाक गड्ढों की स्थिति दिखाई थी, इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से दोपहिया चालकों, टोटो, छोटी गाड़ियों और पैदल यात्रियों के लिए खतरा और बढ़ गया है।

विधायक छोटी कुमारी ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि सरकारी कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही होनी चाहिए। अनियमितता पाए जाने पर दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार