छपरा विधायक छोटी कुमारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का नाव से लिया जायजा
सारण, 05 सितंबर (हि.स.)। रिविलगंज प्रखंड क्षेत्र में गंभीर बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए छपरा विधायक छोटी कुमारी ने नाव के जरिए विभिन्न जलमग्न इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने जान टोला, सतघरवा और जैल शहर समेत आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ितों की समस्याएं सुनीं।
इस दौरान विधायक के साथ भाजपा जिला महामंत्री धर्मेंद्र कुमार साह, धर्मेंद्र सिंह चौहान, मुखिया विष्णु साह, छपरा नगर पश्चिमी अध्यक्ष चंदू सिंह, भोला साह और उपमुखिया लालजी महतो उपस्थित रहे।
जान टोला पुल पर बड़ी संख्या में बाढ़ पीड़ित परिवार अपने परिजनों एवं मवेशियों के साथ शरण लिए हुए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, एडीएम तथा एसडीएम से दूरभाष पर बात कर राहत व्यवस्था को और बेहतर करने को कहा।
दिलियारहिमपुर पंचायत के पांच प्रमुख स्थानों जान टोला पुल, सतघरवा, उमानाथ मंदिर के समीप स्थित साधु लाल पृथ्वी चंद्र उच्च विद्यालय और जैल शहर में किचेन शेड संचालित कराने के निर्देश दिए गए। इस पर जिलाधिकारी ने सभी पांचों स्थानों पर जल्द किचेन शेड शुरू कराने का आश्वासन दिया है।
विधायक ने एसडीएम से फोन पर चर्चा कर बाढ़ क्षेत्रों में मवेशियों के लिए पर्याप्त चारे एवं नावों की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने बताया कि अब तक पीड़ित परिवारों के बीच चूड़ा, चीनी, मीठा, चना, सत्तू, त्रिपाल और अन्य जरूरी राहत सामग्री पहुंचाई जा चुकी है। विधायक ने आश्वस्त किया कि प्रशासन के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य निरंतर जारी रखा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

