home page

सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में जीवंत झांकी के माध्यम से दीपावली और छठ महापर्व की महिमा पर दी प्रस्तुति

 | 
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में जीवंत झांकी के माध्यम से दीपावली और छठ महापर्व की महिमा पर दी प्रस्तुति


सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में जीवंत झांकी के माध्यम से दीपावली और छठ महापर्व की महिमा पर दी प्रस्तुति


सारण, 04 नवंबर (हि.स.)। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, दर्शन नगर में दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने अत्यंत आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। इस आयोजन में भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपरा का अनूठा संगम दिखा, जिसने उपस्थित सभी दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के उपाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद यादव, सचिव डॉ. सुरेश प्रसाद सिंह, सदस्य सुरभित दत्त, डॉ. ओंकार नाथ, पूर्णेंदु रंजन और प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस दौरान बच्चों ने भगवान श्रीराम के चौदह वर्ष के वनवास के बाद माता सीता और लक्ष्मण संग अयोध्या आगमन एवं प्रजाजनों द्वारा दीप जलाकर किए गए भव्य स्वागत की जीवंत झाँकी प्रस्तुत की। इसने दीपावली के ऐतिहासिक महत्व को सजीव कर दिया।

वहीं बिहार की गौरवशाली परंपरा के प्रतीक महापर्व छठ के तीन दिवसीय निर्जला व्रत की पूरी प्रक्रिया को भी बेहद प्रभावशाली ढंग से मंचित किया गया। बाल कलाकारों ने छठ व्रत की पवित्रता, कठिन साधना, सूर्योपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता के भाव को शानदार तरीके से दर्शाया।

सचिव डॉ. सुरेश प्रसाद सिंह ने बताया कि इस भव्य आयोजन का मुख्य उद्देश्य देशवासियों को लोक आस्था के इस महापर्व की महत्ता और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक करना है।

प्रधानाचार्य विनोद कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं कार्यक्रम प्रमुख अनिल कुमार आजाद के नेतृत्व में हुए इस आयोजन को सफल बनाने में शिक्षिका स्वाति सिंह, आचार्य पंकज कुमार पांडेय सहित समस्त शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर शिक्षक, विद्यालय के कर्मचारी, अभिभावक और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार