समूहगान में आर्य कन्या उच्च विद्यालय बना विजेता, सीपीएस उपविजेता
सारण, 31 अगस्त (हि.स.)। भारत विकास परिषद छपरा इकाई के तत्वावधान में सेंट्रल पब्लिक स्कूल विकास नगर में जिला स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान एवं लोकगीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
लायंस क्लब ऑफ छपरा द्वारा प्रायोजित इस कार्यक्रम में मिश्री लाल साह आर्य कन्या उच्च विद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए समूहगान और लोकगीत, दोनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में सेंट्रल पब्लिक स्कूल उपविजेता रहा, जबकि अरविंद पब्लिक स्कूल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। चौथे व पांचवें स्थान पर क्रमशः गंगा देवी आर्य कन्या मध्य विद्यालय एवं राजकीय कन्या उच्च विद्यालय रहे। विजेता टीम अब सिवान में आयोजित होने वाली आगामी प्रांतीय प्रतियोगिता में सारण जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ उज्जवल कुमार वर्मा, डॉ विकास कुमार सिंह, संगठन सचिव राहुल मेहता, राकेश कुमार मिश्रा और डॉ विक्की आनंद सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मंच संचालन परिषद के अध्यक्ष डॉ मनोज कुमार वर्मा संकल्प ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन सचिव डॉ आशुतोष दीपक ने प्रस्तुत किया।
प्रांतीय पर्यवेक्षक भारत भूषण पांडेय की देखरेख में आयोजित इस स्पर्धा में प्रदीप सौरभ, नीतू जायसवाल और निखिल कुमार सिंह निर्णायक मंडल में शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान छात्रा जाह्नवी गुप्ता एवं आंचल कुमारी के मनमोहक नृत्य ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
इस अवसर पर राकेश कुमार मिश्रा, ईश्वर प्रसाद, डॉ. एम. के. शरण, विनोद कुमार मिश्रा, एस. एन. पाठक, जगती प्रसाद, लक्की पटेल, शिवशंकर, डॉ. अमरेंद्र सिंह, धनंजय कुमार मिश्रा, गौतम, प्रियंका कुमारी, श्वेता रानी एवं संगठन सचिव राहुल मेहता सहित अनेक लोग उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

