home page

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी आफाक अहमद ने किया नामांकन

 | 
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी आफाक अहमद ने किया नामांकन


सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी आफाक अहमद ने किया नामांकन


सारण, 03 अक्टूबर (हि.स.)। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार आफाक अहमद ने प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय पहुंचकर आज अपना नामांकन पत्र जमा किया। इस अवसर पर विधायक प्रशांत किशोर छपरा पहुंचे और प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया।

नामांकन सभा में प्रशांत किशोर ने कहा कि आफाक अहमद को पहले भी शिक्षकों का समर्थन मिला है, लेकिन इस बार वे जन सुराज के मजबूत संगठन के साथ मैदान में हैं। मीडिया के सामने अपनी बात रखते हुए प्रशांत किशोर ने कहा मैंने पिछले तीन वर्षों में बिहार या चंपारण के शिक्षकों के लिए कोई कार्य नहीं किया, क्योंकि हमारा पूरा ध्यान बिहार सुधार के अभियान और दल के गठन पर था।

उन्होंने शिक्षकों को आश्वासन देते हुए कहा कि अब जन सुराज एक राजनीतिक दल के रूप में स्थापित हो चुका है और 2027-28 तक उनके पास पर्याप्त समय और साधन हैं। प्रशांत किशोर ने गारंटी दी कि यदि राज्य के पढ़े-लिखे स्नातक और शिक्षक मतदाता जन सुराज के प्रत्याशियों को विजयी बनाते हैं, तो आगामी लोकसभा चुनाव से पहले शिक्षकों को 7वां वेतनमान दिलाना जन सुराज की जिम्मेदारी होगी।

उन्होंने कहा कि यदि वे लोकसभा चुनाव से पूर्व शिक्षकों को 7वां वेतनमान नहीं दिला पाते हैं, तो वे दोबारा उनसे वोट मांगने नहीं आएंगे। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे व्यक्ति को नहीं, बल्कि जन सुराज के विजन को समर्थन दें। विरोधी दलों पर बोलते हुए प्रशांत किशोर ने चेतावनी दी कि एनडीए, जदयू या भाजपा को दिया गया वोट राज्य में अनपढ़ और आपराधिक तत्वों के शासन को और मजबूत करेगा, जिससे जनता पर जुल्म बढ़ता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार