छपरा में शान्ति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी और एसएसपी के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च
सारण, 17 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार की संयुक्त नेतृत्व में एक फ्लैग मार्च निकाला गया। मार्च से पहले एसएसपी ने पुलिस जवानों को ब्रीफिंग कर विशेष सतर्कता बरतने के कड़े निर्देश दिए।
इस फ्लैग मार्च में अनुमंडल पुलिस अधिकारी सदर-1, यातायात डीएसपी, नगर थानाध्यक्ष समेत भारी संख्या में जिला पुलिस बल, दंगा नियंत्रण बल और क्यूआरटी टीम शामिल रही। यह मार्च नगर थाना चौक से शुरू होकर नगरपालिका चौक होते हुए शहर के विभिन्न संवेदनशील मार्गों से गुजरा और वापस नगर थाना चौक पर संपन्न हुआ।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने या यातायात बाधित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिले के सभी संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से पैनी नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी असामाजिक तत्व की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 9031036406 पर दें, ताकि त्यौहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

