home page

पूर्णिया को विकास का राष्ट्रीय मॉडल बनाने का लक्ष्य : पप्पू यादव

 | 
पूर्णिया को विकास का राष्ट्रीय मॉडल बनाने का लक्ष्य : पप्पू यादव


पूर्णिया, 12 जुलाई (हि.स.)।

लोकसभा में अपने दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर रविवार को शांति भवन में आयोजित कार्यक्रम में सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को अध्ययन सामग्री तथा खिलाड़ियों को क्रिकेट, फुटबॉल, हाई जंप और लॉन्ग जंप किट वितरित किए। कार्यक्रम में भोजपुरी अभिनेत्री अपर्णा मल्लिक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, खिलाड़ी और विद्यार्थी उपस्थित थे।

सांसद ने कहा कि पूर्णिया की जनता ने जाति और धर्म से ऊपर उठकर विकास की राजनीति को स्वीकार किया है।

उनका संकल्प अगले तीन वर्षों में पूर्णिया को देश के अग्रणी शहरों में शामिल करना है। उन्होंने बताया कि सीमांचल और कोसी क्षेत्र में सड़क, रेल, रेलवे ओवरब्रिज, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा अन्य आधारभूत परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। कुरसेला-बिहारीगंज सड़क की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अन्य महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर भी कार्य प्रारंभ किया जा रहा है।

युवाओं के लिए सांसद ने संसद सत्र के बाद पूर्णिया में वृहद रोजगार मेला आयोजित करने की घोषणा की, जिसके माध्यम से दस हजार से अधिक युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि बाहर परीक्षा देने जाने वाले पूर्णिया के अभ्यर्थियों के आवागमन तथा परीक्षा देने पूर्णिया आने वाले विद्यार्थियों के भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की जाएगी। सेना, अग्निवीर और पुलिस भर्ती की तैयारी करने वाले ग्रामीण युवाओं के लिए पंचायत स्तर पर खेल एवं प्रशिक्षण सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।

सांसद ने फुटपाथ और चौक-चौराहों पर छोटे व्यवसाय करने वाले जरूरतमंद परिवारों को 20-20 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने सरकारी कार्यालयों में बिचौलियों और अवैध वसूली पर रोक लगाने तथा बिजली संबंधी कार्यों में उपभोक्ताओं से पैसे नहीं लेने का निर्देश दिया। नीति आयोग की आकांक्षी जिला रैंकिंग में पूर्णिया को प्रथम स्थान मिलने पर उन्होंने जिलाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, व्यवसायियों और आम जनता को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा, रोजगार, खेल और जनसेवा के माध्यम से पूर्णिया को विकास का राष्ट्रीय मॉडल बनाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह