समृद्धि यात्रा को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज
भागलपुर, 15 मार्च (हि.स.)। जिले के जगदीशपुर प्रखंड के बैजानी गांव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। समृद्धि यात्रा के तहत 17 मार्च को मुख्यमंत्री के यहां आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अभी तक जिला प्रशासन की ओर से आधिकारिक तिथि की पुष्टि नहीं की गई है। सभा को लेकर गांव में भव्य जर्मन हैंगर पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है, जहां मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। इसके साथ ही सभा स्थल के ठीक बगल में हेलीपैड भी बनाया जा रहा है ताकि हेलीकॉप्टर से उनका आगमन सुनिश्चित हो सके।
जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। भले ही कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी हो लेकिन स्थानीय स्तर पर 17 मार्च को मुख्यमंत्री के आगमन की चर्चा तेज हो गई है और लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

